भोपाल। 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर मप्र कांग्रेस लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान शुरू करेगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा चलाए जा रहे लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान को मिल रही सफलता को देखते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस इस अभियान को शुरू करने जा रही है। यह कार्यक्रम एक साथ सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें महिलाओं को आर्थिक तौर पर स्वावलंबी बनाने के साथ अधिकारों के प्रति सजग किया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार सहित अन्य विषयों की जानकारी दी जाएगी। जिले के बाद यह अभियान विकासखंड और फिर मतदान केंद्र स्तर पर भी संचालित होगा।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष डा.अर्चना जायसवाल ने बताया कि राजनीतिक तौर पर महिलाओं को सशक्त करने के कार्यक्रम संगठन द्वारा लगातार चलाए जाते हैं।
अब उन्हें अधिकारों के प्रति जागरुक करने के लिए लड़की हूं, लड़ सकती हूं, अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत महिलाओं को दिए गए कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर जागरुक किया जाएगा। साथ ही आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने के लिए स्वरोजगार से जुडऩे के लिए प्रेरित करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उसका लाभ वे कैसे ले सकती हैं, इसकी जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए शिविर भी लगाएंगे। महिला शिक्षा बेहद जरूरी है क्योंकि शिक्षित महिला पूरे परिवार को दिशा देने का काम करती है। इसके लिए उन्हें जागरुक किया जाएगा। बच्चियों को शिक्षा दिलाने के लिए जो भी सहयोग चाहिए होगा, वो उपलब्ध कराया जाएगा। जिला स्तर पर अभियान संचालित करने के बाद इसका विस्तार विकासखंड और मतदान केंद्र स्तर पर किया जाएगा।
कांग्रेस का आधार मजबूत बनाने का होगा काम
इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस महिलाओं के बीच पार्टी का आधार मजबूत करने का काम करेगी। दरअसल, वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश में पांच करोड़ 36 लाख मतदाता हैं। इनमें दो करोड़ 58 लाख 26 हजार 293 महिला मतदाता हैं। इन तक सीधी पहुंच बनाने के लिए लड़की हूं, लड़ सकती हूं, अभियान बड़ा माध्यम साबित होगा।
©2024 Agnibaan , All Rights Reserved