सीहोर/नसरूल्लागंज। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुदनी के नसरूल्लागंज तहसील ग्राम मंडी में आज सुबह कौशिक मेहरा नामक एक युवक ने भाजपा नेता गुरूप्रसाद शर्मा पर न केवल बंदूक तान दी बल्कि एक फायर भी कर दिया। गोली दीवार में लगी। इसी बीच झुमाझटकी के बीच गुरूप्रसाद शर्मा के माथे पर चोट भी आई है। शर्मा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी नेता हैं। इस घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। खबर लगते ही सीहोर एसपी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। मंगलवार सुबह 7:30 बजे 19 वर्षीय युवक कौशिक मेहरा बंदूक लेकर शर्मा के घर पहुंचा और उसने मारने की नीयत से शर्मा के ऊपर बंदूक तानी ही थी कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच गोली चल गई जो कि दीवार मेें लगी। शौर शराबा सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। युवक की पकड़कर पिटाई कर दी गई। जिस युवक ने उन पर बंदूक तानी उसके बारे में पता चला है कि वह भोपाल में रहकर पढ़ाई करता है। पिछले 2 दिन से वह शर्मा के गांव में रहकर उनके घर की रैकी कर रहा था। उसने बंदूक क्यों तानी पुलिस इसकी जांच कर रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved