• img-fluid

    नदी किनारे बसी बस्तियों के 1600 घर टूटेंगे…

  • June 26, 2024

    • इंदौर प्रशासन और निगम का संयुक्त महाअभियान
    • कबूतरखाना झुग्गी बस्ती के 303 परिवार भी होंगे शिफ्ट

    इंदौर। इंदौर को संवारने के लिए शहर की कान्ह और सरस्वती नदी की भी सुध ली जा रही है और इसके अतिक्रमण, अवैध निर्माणों को भी प्रशासन तोड़ेगा। कलेक्टर ने नगर निगम से झोनवार जो सूची बनवाई है, उसमें लगभग 3 हजार अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें 1600 से अधिक निर्माण कच्चे हैं। उन्हें पहले तोड़ा जाएगा, वहीं कबूतरखाना झुग्गी बस्ती के 303 परिवारों का व्यवस्थापन भी नगर निगम की सहायता से किया जाएगा और इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने पक्के मकानों यानी फ्लैटों में शिफ्ट किया जाएगा। निगम ने इन परिवारों की सूची का प्रकाशन कर दिया है और झोनल कार्यालय, स्टेडियम, झोन क्र. 11 और प्रधानमंत्री आवास पालिका प्लाजा में उक्त सूची चस्पा की गई है और 15 दिन में दावे-आपत्तियां भी बुलवाई हैं। सरस्वती नदी के किनारे वार्ड 60 में यह झुग्गी बस्ती काबिज है और हर साल बारिश का पानी भरने के चलते प्रशासन को बस्ती के लोगों को अस्थायी रूप से हटाना पड़ता है। उक्त बस्ती के स्थान पर नाला टेपिंग, सीवरेज आदि के काम भी किए जाना हैं।

    निगम ने पिछले दिनों इस बस्ती का सर्वे किया था, जिसमें 303 परिवार मौके पर निवासरत पाए गए, जिनकी सूची भी संबंधित बस्ती में भी चस्पा की गई, वहीं सूची झोन व अन्य कार्यालय पर भी रखी गई है और जाहिर सूचना के माध्यम से इसकी जानकारी यहां के रहवासियों को दी गई, ताकि वे 15 दिन में दावे-आपत्ति लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकें, क्योंकि निगम को इन 303 परिवारों का व्यवस्थापन करना है और प्रधानमंत्री तथा राजीव आवास योजना के तहत बने पक्के मकानों में इन परिवारों को शिफ्ट किया जाएगा। कलेक्टर आशीष सिंह के मुताबिक कान्ह और सरस्वती नदी के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण पाए गए हैं, वहीं कई हिस्सों को नाला भी बता दिया है। उसे भी सरकारी रिकॉर्ड में दुरुस्त किया जाएगा।


    कलेक्टर के मुताबिक लगभग 3 हजार अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक अतिक्रमण लोखंडे ब्रिज से भागीरथपुरा, शिवशक्ति नगर और लक्ष्मण माली के खेत के पीछे तक लगभग 389 पाए गए हैं, तो जूनी इंदौर से चम्पाबाग और हाथीपाला तक भी 381, हरसिद्धि पुल से कृष्णपुरा पुल तक 71, गणगौर घाट, मच्छी बाजार, संजय सेतु तक 264, पैलेस कॉलोनी, त्रिवेणी कॉलोनी, प्रेम नगर, राजाबाग, बारामत्था, गुरुनानक, करबला मैदान, दुर्गा बगीचा, धोबी घाट पर 303 और इधर श्रद्धानंद नगर, लूनियापुरा आदि में 245 अतिक्रमण मिले हैं, तो कान्ह नदी के भी बनवारी, एसटीपी, भावना नगर में 265 निर्माण चिन्हित किए गए हैं। इनमें पक्के मकानों की संख्या भी 1500 से अधिक है, तो 1600 कच्चे मकान, टीनशेड पाए गए हैंं, जिन्हें पहले हटाने की कार्रवाई की जाएगी और इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में शिफ्ट करेंगे। कई जगह व्यावसायिक गतिविधियां भी चलती पाई गई हैं। खासकर एमजी रोड थाने, कृष्णपुरा पुल, अहिल्या आश्रम तक 121 व्यावसायिक गतिविधियां मिली हैं, वहीं 57 हेमिल्टन रोड से लोखंडे पुल तथा 15, भागीरथपुरा, एमआर-4 अंडरब्रिज क्षेत्र में हैं। इसी तरह 54 व्यावसायिक गतिविधियां सरस्वती नदी के किनारों पर गणगौर घाट, मच्छी बाजार, हरसिद्धी सहित कृष्णपुरा पुल तक पाई गई हैं। 48 व्यावसायिक गतिविधियां श्रद्धानंद मार्ग, छावनी अनाज मंडी, लूनियापुरा से रावजी बाजार के बीच और 26 चितावदपालदा से कोहीनूर नगर, फिरदोष नगर, संवाद नगर, चिडिय़ाघर के पीछे और श्यामाचरण शुक्ल नगर होते हुए पारसी मोहल्ला पुल तक ये गतिविधियां हैं। इसी तरह 11 व्यावसायिक निर्माण भावना नगर, पालदा संजय गांधी नगर, शिव पार्वती नगर व अन्य जगह पाए गए हैं।

    सर्वाधिक मकान तोड़ा, मच्छी बाजार, छत्रीबाग में
    नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक सर्वाधिक मकान कान्ह और सरस्वती नदी के मुहाने पर सर्वे में बने पाए गए हैं। पांच साल पहले भी इसको लेकर सर्वे हुआ था, लेकिन कार्रवाई का अभियान शुरू नहीं हो पाया था। इस बार प्रशासन और नगर निगम के आला अधिकारियों ने नदी के हिस्सों को कब्जों से मुक्त करने की योजना तैयार कर ली है। इनमें सबसे ज्यादा 250 के आसपास मकान मच्छी बाजार पुल से लेकर छत्रीबाग के हिस्से तक हैं और इसके अलावा नार्थ तोड़ा और साउथ तोड़ा में भी यही स्थिति है। इसके बाद जयरामपुर क्षेत्र, जमना नगर, गुरुनानक कालोनी, दयानंद नगर से लेकर चंद्रभागा, आलापुरा, भाट मोहल्ला, मोती तबेला होमगार्ड लाइन, सुनार की बगिया सहित कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां सर्वाधिक मकान हैं।

    Share:

    चेन्नई से कल 15 ट्रकों में इन्दौर लाएंगे पौने दो लाख पौधों की पहली खेप

    Wed Jun 26 , 2024
    कई संस्थाएं भी अभियान से जुड़ीं, खाली पड़े स्थानों को किया चिन्हित इन्दौर। इन्दौर में लगाए जाने वाले 51 लाख पौधों के लिए कई विभाग जोरदार तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं सामाजिक संगठनों की मदद से भी बड़े पैमाने पर इस अभियान को सफल बनाने की तैयारी चल रही है। आसपास के शहरों में […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved