• img-fluid

    रात में सवा इंच बारिश…शिप्रा का पानी छोटे पुल पर

  • July 30, 2024

    • रामघाट से लेकर छोटे पुल तक घाट और मंदिर डूबे- चक्रतीर्थ मार्ग तक भराया पानी- गंभीर बांध में 24 एमसीएफटी का इजाफा

    उज्जैन। कल रात साढ़े 8 बजे से शुरु हुई जोरदार बारिश लगभग आधे घंटे चली। इससे एक बार फिर शहर जलमग्न हो गया। कल शाम तक शिप्रा का जलस्तर छोटे पुल के लेवल को छू रहा था। लेकिन देर रात फिर इसके ऊपर करीब 4 फीट से शिप्रा बहने लगी। आज सुबह साढ़े 11 बजे तक भी छोटा पुल डूबा हुआ था और रामघाट से लेकर छोटो पुल तक सभी घाट और मंदिर जलमग्न नजर आ रहे थे। चक्रतीर्थ की ओर जाने वाला मार्ग भी बंद हो गया था। इधर गंभीर बांध में भी 24 घंटे में 24 एमसीएफटी पानी बढ़ गया था।



    उल्लेखनीय है कि शहर में 3 दिन से जारी बारिश के बीच रविवार शाम से शिप्रा नदी का जलस्तर बढऩे लगा था। रविवार की रात 8 बजे तक उज्जैन-बडऩगर मार्ग को जोडऩे वाला छोटा पुल डूब गया था और उसके लगभग 2 फीट ऊपर से पानी बह रहा था। कल सोमवार दोपहर तक भी यही स्थिति थी और आवागमन बंद था। परंतु शाम 4 बजे तक पानी कुछ कम हुआ था और राणौजी की छत्री के सामने महाकाल पालकी पूजन स्थल भी साफ सफाई नगर निगम अमले द्वारा की गई थी और फिर पालकी पूजन हो पाया था। परंतु कल रात साढ़े 8 बजे के लगभग एकाएक बिजली कड़क और बादलों की गरज के साथ तेज बारिश शुरु हो गई थी। करीब आधे घंटे तेज पानी गिरा। इसके बाद फिर रिमझिम बारिश का दौर आज सुबह तक चलता रहा। वेधशाला अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि कल शाम 5 बजे तक वेधशाला में इस सीजन की 384 मिमी वर्षा हो चुकी थी। लेकिन कल शाम 5 बजे से आज सुबह 8 बजे तक 29 मिमी अर्थात 1.14 इंच वर्षा रिकार्ड हुई। कल रात भर में सवा इंच के लगभग बारिश हुई। इसे मिलाकर आज सुबह 8 बजे तक बारिश का आंकड़ा 16.25 इंच तक पहुंच गया था। हालांकि आज सुबह से दोपहर तक भी बादल छाए हुए थे और रिमझिम बारिश हो रही थी।

    छोटे पुल पर आवागमन बंद एसडीईआरएफ की टीम अलर्ट
    कल रात 8 बजे के बाद से शिप्रा में जल स्तर बढऩे लगा और छोटा पुल फिर डूब गया था। आज सुबह भी इसके करीब 4 फीट ऊपर से पानी बह रहा था। यह देखते हुए कल रात से ही पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था। दोपहर तक यही स्थिति थी। साथ ही होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम ने घाटों के आसपास पेट्रोलिंग शुरू कर दी थी। आज सुबह भी सभी घाट और मंदिर जलमग्न नजर आ रहे थे। राणौजी की छत्री के सामने स्थिति महाकाल पालकी पूजन स्थल पर लगे बैरीकेड्स भी आधे से ऊपर डूबे नजर आ रहे थे।

    एक घंटे में हो रही थी 1 एमसीएफटी की आवक
    गंभीर डेम के प्रभारी इंजिनीयर राजीव शुक्ला ने आज सुबह चर्चा में बताया कि गंभीर डेम में रविवार रात 8 बजे तक 408 एमसीएफटी पानी रह गया था। लेकिन कल हुई दिनभर की बारिश के बाद कैचमेंट एरिया से पानी की आवक लगातार बनी हुई थी। कल सुबह 8 बजे तक डेम में 50 एमसीएफटी पानी बढ़ गया था और लेवल बढ़कर 458 एमसीएफटी तक पहुंच गया था। इसके बाद भी डेम में पिछले 24 घंटे में 24 एमसीएफटी पानी का इजाफा आज सुबह 8 बजे तक हुआ। ऐसे में बांध में बीते 24 घंटों में 1 एमसीएफटी प्रतिघंटे के मान से पानी बढ़ा है। आज सुबह बांध का लेवल बढ़कर 482 एमसीएफटी पर आ गया था। इसके बाद भी मध्यम आवक जारी थी। गौरतलब है कि गंभीर डेम के कैचमेंट एरिया में उज्जैन, इंदौर, देवास के करीब दो दर्जन से ज्यादा गांव आते हैं। अगर इंदौर और देवास में भी अच्छी बारिश होती है तो गंभीर डेम में पानी की आवक शुरु हो जाती है। हालांकि गंभीर डेम की क्षमता 2250 एमसीएफटी है और इस लेवल तक पहुंचने के लिए अभी भी लगभग 1750 एमसीएफटी पानी की दरकार है।

    Share:

    सवारी वाले दिन शहर में वाहन चलाना मुश्किल

    Tue Jul 30 , 2024
    ट्रैफिक व्यवस्था हो जाती है पूरी तरह फेल-एक साथ छोड़ देते हैं सभी वाहनों को उज्जैन। सवारी निकलने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है और गोपाल मंदिर क्षेत्र सहित शहर के कई हिस्सों में जाम लग जाता है। महाकाल की सवारी जब गोपाल मंदिर क्षेत्र में पहुँच जाती है […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    गुरुवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved